devotionally made & hosted in India
Search
Mic
Android Play StoreIOS App Store
Ads Subscription Disabled
हि
Setting
Clock
Ads Subscription Disabledविज्ञापन हटायें
X

बछ बारस व्रत कथा | बछ बारस की पौराणिक कथा

DeepakDeepak

बछ बारस कथा

बछ बारस व्रत कथा

साहूकार एवं उसके सात पुत्रों की कथा

एक साहूकार था जिसके सात पुत्र एवं अनेक पौत्र थे। साहूकार ने एक जोहड़ अर्थात् छोटे तालाब का निर्माण करवाया। बारह वर्ष व्यतीत हो गये, किन्तु उसमें जल नहीं आया। तब चिन्तित होकर साहूकार ने पण्डितों को आमन्त्रित कर उनसे इस विषय में मार्गदर्शन करने का अनुरोध किया। पण्डितों ने कहा - "हे वणिक! तुम्हें अपने ज्येष्ठ पुत्र अथवा ज्येष्ठ पौत्र की बलि प्रदान करनी होगी, तभी इस जोहड़ में जल आयेगा।"

यह सुनकर साहूकार और अधिक व्याकुल हो गया किन्तु कोई अन्य उपाय न होने पर उसने बहुत विचार-विमर्श करके अपनी ज्येष्ठ वधू को उसके नैहर अर्थात् माता-पिता के घर भेज दिया।

उचित समय आने पर उसने अपने ज्येष्ठ पौत्र की बलि दे दी। साहूकार द्वारा बलि प्रदान करने के कुछ ही क्षणों में गर्जना करते हुये मेघ आकाश में छा गये तथा घनघोर वर्षा होने लगी, जिसके फलस्वरूप जोहड़ में जल भर गया।

कुछ दिवस उपरान्त बछ बारस की पावन तिथि आयी। उस समय सभी ने विचार किया कि अपना जोहड़ जल से भर गया है, अतः उसका पूजन करने चलते हैं। जब सभी लोग जोहड़ पूजने गये, तो साहूकार भी उनके साथ चलने लगा।

साहूकार के यहाँ गाय के दो बछड़े थे जिनके नाम गेहूँला एवं धनुला थे। उन दोनों में गेहूँला आयु में बड़ा था। जोहड़ की पूजा के लिये जाते समय साहूकार ने अपनी दासी से कहा - "मैं पूजा करके अभी आता हूँ, तुम गेहूँला को बाँध देना तथा धनुला को खोल देना।"

दासी ने कथन के विपरीत करते हुये गेहूँला को खोल दिया तथा धनुला को बाँध दिया। गेहूँला आयु में बड़ा था, अतः वह भाग गया तथा जल में डूब गया। उधर ज्येष्ठ पौत्र की बलि भी दी जा चुकी थी। तभी बछ बारस की पूजा करने हेतु ज्येष्ठ वधू भी पीहर से ससुराल लौट आयी।

सभी ने गायन-वादन आदि सहित जोहड़ की पूजा-अर्चना की। जोहड़ पूजन करने के उपरान्त साहूकार ने देखा कि जब छोटे बालक जोहड़ में से खेलकर बाहर आये तो उन बालकों के साथ साहूकार का ज्येष्ठ पौत्र भी जीवित एवं सकुशल बाहर आ गया। उस समय सास-बहू एक-दूसरे के मुख की ओर असमञ्जस भरी दृष्टि से देखने लगीं।

सास ने बहू के समक्ष बलि प्रदान करने का सम्पूर्ण वृत्तान्त वर्णित कर दिया तथा बोली - "यह सब बछ बारस व्रत का पुण्यफल एवं चमत्कार है। बछ बारस माता ने कृपा करते हुये बलि में दिये गये पौत्र को पुनर्जीवित कर दिया है।"

जोहड़ पूजने के उपरान्त जब सभी लौटकर घर आये तो गेहूँला दिखायी नहीं दिया। इस पर साहूकार ने दासी से पूछा - "बछड़ा कहाँ है?"

दासी ने कहा - "बछड़ा तो मैंने खोल दिया।" यह कहते हुये दासी ने सम्पूर्ण वृत्तान्त वर्णित कर दिया। यह सुनकर साहूकार क्रोधित हो गया तथा बोला - "एक पाप का तो मैं अभी प्रायश्चित्त करके आया हूँ और तुमने दूसरा पाप कर दिया।"

बहुत खोजने पर बछड़ा जल में डूबा हुआ मिला। साहूकार ने मृत बछड़े को मिट्टी में गाड़ दिया। तदुपरान्त साहूकार दुःख में व्याकुल होकर सिर पकड़कर बैठ गया।

सायाह्नकाल में गाय गोचारण के पश्चात् लौटकर आयी तथा अपने बछड़े को न पाकर भूमि खोदने लगी। गाय ने भूमि खोदकर अपने बछड़े को बाहर निकाला। सभी ने देखा कि वह बछड़ा मिट्टी एवं गोबर में लिपटा हुआ था, किन्तु जीवित एवं सकुशल था। सम्पूर्ण ग्राम में यह प्रकरण चर्चा का विषय बन गया। तब ग्रामवासी वहाँ आये तथा बोले - "यह तो चमत्कार हो गया।"

साहूकार ने ग्राम में हरकारे के माध्यम से घोषणा करवा दी कि सभी पुत्रवती मातायें बछ बारस का व्रत करें तथा जोहड़ का पूजन करें। उसी समय से बछ बारस की पूजा प्रचलित हो गयी।

हे बछ बारस माता! जिस प्रकार आपने साहूकार के परिवार की रक्षा की, उसी प्रकार हमारे सम्पूर्ण मनोरथ भी सिद्ध करें। इस कथा का पाठ करने वाले, श्रवण करने वाले तथा हुँकारा भरने वाले को भी सुख-सम्पत्ति प्रदान करें।

॥इस प्रकार बछ बारस कथा सम्पूर्ण होती है॥

Name
Name
Email
द्रिकपञ्चाङ्ग पर टिप्पणी दर्ज करने के लिये गूगल अकाउंट से लॉग इन करें।
टिप्पणी
और लोड करें ↓
❮
Kalash
कॉपीराइट नोटिस
PanditJi Logo
सभी छवियाँ और डेटा - कॉपीराइट
Ⓒ www.drikpanchang.com
प्राइवेसी पॉलिसी
द्रिक पञ्चाङ्ग और पण्डितजी लोगो drikpanchang.com के पञ्जीकृत ट्रेडमार्क हैं।
Android Play StoreIOS App Store
Drikpanchang Donation