
टिप्पणी: सभी समय २४-घण्टा प्रारूप में लँकेस्टर, संयुक्त राज्य अमेरिका के स्थानीय समय और डी.एस.टी समायोजित (यदि मान्य है) के साथ दर्शाये गए हैं।
आधी रात के बाद के समय जो आगामि दिन के समय को दर्शाते हैं, आगामि दिन से प्रत्यय कर दर्शाये गए हैं। पञ्चाङ्ग में दिन सूर्योदय से शुरू होता है और पूर्व दिन सूर्योदय के साथ ही समाप्त हो जाता है।
हिन्दु पञ्चाङ्ग के अनुसार ज्येष्ठ शुक्ल चतुर्थी के दिन प्रद्युम्न रूपी भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की जाती है। इस दिन ब्राह्मणों को फल एवं कन्द-मूल दान करना अत्यन्त फलदायी माना जाता है। ज्येष्ठ शुक्ल चतुर्थी का व्रत भगवान गणेश को समर्पित अत्यन्त पुण्यदायक व्रत है। इस व्रत में मध्याह्न काल के समय विधिपूर्वक गणेश जी का व्रत एवं पूजन किया जाता है। शास्त्रों में वर्णित है कि चतुर्थी तिथि गणपति की प्रिय तिथि है, अतः इस दिन उनका पूजन अत्यन्त फलदायी माना गया है। भगवान गणेश जी की कृपा प्राप्त करने हेतु एवं उन्हें प्रसन्न करने हेतु भगवान गणेश के भक्त शुक्लपक्ष एवं कृष्णपक्ष की चतुर्थी तिथि का व्रत करते हैं।
धर्मग्रन्थों में भगवान गणेश को विघ्नविनाशक, बुद्धिदाता एवं मङ्गलकर्ता कहा गया है। स्कन्दपुराण, गणेशपुराण तथा मुद्गलपुराण आदि ग्रन्थों में भी गणेश जी के व्रत एवं पूजन का वर्णन प्राप्त होता है। स्कन्दपुराण में कहा गया है कि चतुर्थी के दिन व्रत सहित गणेश पूजन करने से जीवन के समस्त विघ्नों का निवारण होता है तथा साधक को विद्या, बुद्धि एवं सौभाग्य की प्राप्ति होती है।
ज्येष्ठ शुक्ल चतुर्थी के दिन व्रत करने की सरल विधि वर्णित की गयी है। हालाँकि क्षेत्रीय एवं कुल परम्परा के आधार पर पूजन विधि में कुछ भेद हो सकता है।
गणेशपुराण में वर्णन मिलता है कि इस दिन विधिपूर्वक व्रत करने से साधक को चतुर्वर्ग, अर्थात् धर्म, अर्थ, काम तथा मोक्ष की प्राप्ति होती है। यह व्रत गृहस्थों के लिये विशेष कल्याणकारी बताया गया है। व्रत में संयम, श्रद्धा एवं पूर्ण भक्ति के साथ गणेश पूजन करने से पारिवारिक सुख, समृद्धि, सन्तति तथा सांसारिक कष्टों से मुक्ति प्राप्त होती है। इस प्रकार ज्येष्ठ शुक्ल चतुर्थी का व्रत शास्त्रसम्मत रूप से गणेशजी की आराधना का श्रेष्ठ अवसर है, जो भक्तों को धर्म, बुद्धि, सुख एवं सौभाग्य प्रदान करता है।