
टिप्पणी: सभी समय २४:००+ प्रारूप में लँकेस्टर, संयुक्त राज्य अमेरिका के स्थानीय समय और डी.एस.टी समायोजित (यदि मान्य है) के साथ दर्शाये गए हैं।
आधी रात के बाद के समय २४:०० से अधिक हैं और आगामि दिन के समय को दर्शाते हैं। पञ्चाङ्ग में दिन सूर्योदय से शुरू होता है और पूर्व दिन सूर्योदय के साथ ही समाप्त हो जाता है।
पितृ पक्ष के समय अपराह्न काल में मघा नक्षत्र होने पर मघा श्राद्ध किया जाता है। यदि मघा नक्षत्र अपराह्न काल में आंशिक रूप से दो दिनों तक रहता है, तो इस स्थिति में जिस दिन अधिकतम समयावधि तक मघा नक्षत्र रहेगा उसे ही मघा श्राद्ध के लिये उपयुक्त माना जाता है।
यदि मघा नक्षत्र एवं त्रयोदशी तिथि दोनों एक ही दिन अपराह्न काल में पड़ती हैं, तो इसे मघा त्रयोदशी श्राद्ध के रूप में जाना जाता है। पितृ पक्ष के समय, मघा नक्षत्र का अत्यधिक महत्त्व है, क्योंकि यह नक्षत्र, पितरों (पितृ) द्वारा शासित होता है।
पितृ पक्ष श्राद्ध पार्वण श्राद्ध होते हैं। इन श्राद्धों को सम्पन्न करने के लिये कुतुप, रौहिण आदि मुहूर्त शुभ मुहूर्त माने गये हैं। अपराह्न काल समाप्त होने तक श्राद्ध सम्बन्धी अनुष्ठान सम्पन्न कर लेने चाहिये। श्राद्ध के अन्त में तर्पण किया जाता है।
हिन्दु धर्मशास्त्रों के अनुसार पितरों का मघा नक्षत्र से घनिष्ठ सम्बन्ध माना गया है। गर्भोपनिषद, गरुड़पुराण तथा निर्णयसिन्धु आदि ग्रन्थों में मघा नक्षत्र को पितृगणों का प्रतिनिधि बताया गया है। यही कारण है कि मघा नक्षत्र के संयोग से युक्त तिथि को श्राद्ध करना विशेष पुण्यदायक एवं पितरों को परम प्रिय माना गया है।
हेमाद्रि में प्राप्त वर्णन के अनुसार सभी पुत्र चाहें एकत्र निवास कर रहे हों अथवा भिन्न-भिन्न स्थानों पर, किन्तु मघा श्राद्ध सभी पुत्रों को पृथक-पृथक करना चाहिये। मघा श्राद्ध को धर्मग्रन्थों में महा पुण्यशाली एवं वृद्धि कारक माना गया है।
मघा श्राद्ध विशेषतः उन पितरों के लिये किया जाता है जिनकी मृत्यु की तिथि ज्ञात नहीं है अथवा जिनके लिये वर्ष भर किसी कारणवश श्राद्ध सम्भव नहीं हो पाया हो। धर्मशास्त्रों के अनुसार यदि श्राद्ध के लिये उपयुक्त तिथि स्मरण न हो, तो मघा नक्षत्र युक्त तिथि को श्राद्ध, तर्पण एवं पिण्डदान करना उनके लिये उत्तम होता है। विशेषतः पितृ पक्ष में यदि त्रयोदशी या चतुर्दशी तिथि मघा नक्षत्र से युक्त हो, तो उस दिन श्राद्ध करने से लाखों वर्षों तक पितर तृप्त रहते हैं।
गरुड़पुराण में वर्णित है कि मघा नक्षत्र में किया गया श्राद्ध पितरों को विष्णुलोक की प्राप्ति कराता है तथा वे प्रसन्न होकर वंशजों को आरोग्य, आयु, ऐश्वर्य, सन्तान एवं शान्ति का आशीर्वाद प्रदान करते हैं। इस दिन किये गये तर्पण, पिण्डदान एवं ब्राह्मण भोज का फल अनेक गुणा अधिक होता है। धर्मसिन्धु में यह भी उल्लेख मिलता है कि यदि इस दिन मधु एवं पायस, अर्थात् खीर से श्राद्ध किया जाये तो वह विशेष फलदायी होता है।
यदि किसी परिवार में अकाल मृत्यु, मानसिक अशान्ति, विवाह में बाधा, सन्तानहीनता अथवा वंश पर सङ्कट जैसे दोष प्रतीत हों, तो मघा नक्षत्र में श्रद्धापूर्वक पितृगणों का श्राद्ध करना अत्यन्त कल्याणकारी माना जाता है। इस दिन ब्राह्मणों को भोजन कराने, तिल-जल तर्पण, वस्त्रदान एवं दीपदान करने से पितृ दोष की निवृत्ति होती है तथा परिवार में सुख-शान्ति का वास होता है।