
टिप्पणी: सभी समय २४-घण्टा प्रारूप में लँकेस्टर, संयुक्त राज्य अमेरिका के स्थानीय समय और डी.एस.टी समायोजित (यदि मान्य है) के साथ दर्शाये गए हैं।
आधी रात के बाद के समय जो आगामि दिन के समय को दर्शाते हैं, आगामि दिन से प्रत्यय कर दर्शाये गए हैं। पञ्चाङ्ग में दिन सूर्योदय से शुरू होता है और पूर्व दिन सूर्योदय के साथ ही समाप्त हो जाता है।
चतुर्थी श्राद्ध परिवार के उन मृतक सदस्यों के लिये किया जाता है, जिनकी मृत्यु चतुर्थी तिथि पर हुयी हो। इस दिन शुक्ल पक्ष अथवा कृष्ण पक्ष दोनों ही पक्षों की चतुर्थी तिथि का श्राद्ध किया जा सकता है।
चतुर्थी श्राद्ध को चौथ श्राद्ध के नाम से भी जाना जाता है।
पितृ पक्ष श्राद्ध पार्वण श्राद्ध होते हैं। इन श्राद्धों को सम्पन्न करने के लिये कुतुप, रौहिण आदि मुहूर्त शुभ मुहूर्त माने गये हैं। अपराह्न काल समाप्त होने तक श्राद्ध सम्बन्धी अनुष्ठान सम्पन्न कर लेने चाहिये। श्राद्ध के अन्त में तर्पण किया जाता है।
चतुर्थी श्राद्ध पितृ पक्ष के चौथे दिन की चतुर्थी तिथि को किया जाने वाला एक विशेष श्राद्ध है। हिन्दु धर्मशास्त्रों के अनुसार, प्रत्येक तिथि का एक विशिष्ट महत्त्व होता है तथा जिस तिथि को किसी पितर का देहावसान हुआ हो, उसी तिथि पर उसका श्राद्ध करना सर्वोत्तम माना जाता है। यदि किसी पितर का निधन चतुर्थी तिथि को हुआ हो, तो उनके निमित्त इस तिथि को श्राद्ध कर्म, पिण्डदान एवं तर्पण करना शास्त्रसम्मत एवं पुण्यदायक होता है।
यदि किसी कारणवश पितर की वास्तविक तिथि ज्ञात न हो, तो विधिपूर्वक सर्वपितृ अमावस्या के दिन श्राद्ध किया जा सकता है, किन्तु तिथि विशेष पर किया गया श्राद्ध अधिक फलदायक माना गया है। चतुर्थी श्राद्ध करने वाले श्राद्धकर्ता को पितृगण की कृपा से पारिवारिक कल्याण, शान्ति, ऐश्वर्य एवं समृद्धि प्राप्त होती है। इस दिन किया गया श्राद्ध वंशवृद्धि एवं पितृ दोष निवारण में भी सहायक होता है।
मनुस्मृति, यमस्मृति, गृह्यसूत्र तथा निर्णयसिन्धु आदि धर्मग्रन्थों में प्राप्त वर्णन के अनुसार चतुर्थी तिथि को श्राद्ध करने से पितर अत्यन्त प्रसन्न होते हैं। इनकी प्रसन्नता से कुल में सुख, शान्ति, समृद्धि तथा सन्तति की वृद्धि होती है। विशेष रूप से, यह श्राद्ध सन्तान-प्राप्ति, गृह-कल्याण तथा परिवार में आरोग्य एवं दीर्घायु के लिये शुभ माना गया है।