
टिप्पणी: सभी समय १२-घण्टा प्रारूप में लँकेस्टर, संयुक्त राज्य अमेरिका के स्थानीय समय और डी.एस.टी समायोजित (यदि मान्य है) के साथ दर्शाये गए हैं।
आधी रात के बाद के समय जो आगामि दिन के समय को दर्शाते हैं, आगामि दिन से प्रत्यय कर दर्शाये गए हैं। पञ्चाङ्ग में दिन सूर्योदय से शुरू होता है और पूर्व दिन सूर्योदय के साथ ही समाप्त हो जाता है।
एकादशी श्राद्ध परिवार के उन मृतक सदस्यों के लिये किया जाता है, जिनकी मृत्यु एकादशी तिथि पर हुयी हो। इस दिन शुक्ल पक्ष अथवा कृष्ण पक्ष दोनों ही पक्षों की एकादशी तिथि का श्राद्ध किया जा सकता है।
एकादशी श्राद्ध को ग्यारस श्राद्ध के नाम से भी जाना जाता है।
पितृ पक्ष श्राद्ध पार्वण श्राद्ध होते हैं। इन श्राद्धों को सम्पन्न करने के लिये कुतुप, रौहिण आदि मुहूर्त शुभ मुहूर्त माने गये हैं। अपराह्न काल समाप्त होने तक श्राद्ध सम्बन्धी अनुष्ठान सम्पन्न कर लेने चाहिये। श्राद्ध के अन्त में तर्पण किया जाता है।
पितृ पक्ष की एकादशी तिथि के अवसर पर एकादशी श्राद्ध सम्पन्न किया जाता है। यह तिथि के आधार पर किया जाने वाला एक विशेष श्राद्ध अनुष्ठान है, जिसका उल्लेख धर्मशास्त्रों में महालय श्राद्ध के अन्तर्गत किया गया है। हिन्दु धर्मग्रन्थों के अनुसार, श्राद्ध कर्म उसी तिथि को करना श्रेष्ठ माना गया है जिस तिथि को पितर का देहावसान हुआ हो। यदि किसी पितर की मृत्यु शुक्ल या कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि को हुयी हो, तो पितृ पक्ष की एकादशी को उनके निमित्त विधिवत् रूप से श्राद्ध, तर्पण एवं पिण्डदान करना चाहिये।
गरुड़पुराण आदि विभिन्न हिन्दु धर्मग्रन्थों में यह स्पष्ट वर्णित किया गया है कि तिथि विशेष पर किया गया श्राद्ध ही उस पितर को प्राप्त होता है, जिसकी तृप्ति हेतु यह अनुष्ठान किया गया हो। अनुचित तिथि पर किया गया श्राद्ध पितृगणों को प्राप्त नहीं होता है।
एकादशी श्राद्ध का सम्बन्ध विशेष रूप से उन पितरों से होता है जिन्होंने धर्मनिष्ठ, संयमी तथा वैराग्य भाव से युक्त जीवन व्यतीत किया हो। इस दिन सन्त स्वभाव के पितरों का श्राद्ध करना विशेष रूप से फलदायक माना गया है। इस दिन का श्राद्ध पितरों की आत्मा को शान्ति प्रदान करता है तथा वंशजों के जीवन में सुख, समृद्धि एवं आध्यात्मिक प्रगति का मार्ग प्रशस्त करता है।
यदि पितृ के निधन की उचित तिथि ज्ञात न हो, तो धर्मशास्त्रों में सर्वपितृ अमावस्या के दिन सामूहिक श्राद्ध करने का विधान भी वर्णित किया गया है, किन्तु जिन पितरों का निधन एकादशी तिथि को हुआ हो, उनके लिये एकादशी को ही श्राद्ध करना शास्त्रसम्मत माना जाता है। श्रद्धा एवं विधिपूर्वक सम्पन्न किया गया एकादशी श्राद्ध पितृ ऋण से मुक्ति प्रदान करता है तथा उन्नति में सहायक सिद्ध होता है।