
टिप्पणी: सभी समय २४-घण्टा प्रारूप में लँकेस्टर, संयुक्त राज्य अमेरिका के स्थानीय समय और डी.एस.टी समायोजित (यदि मान्य है) के साथ दर्शाये गए हैं।
आधी रात के बाद के समय जो आगामि दिन के समय को दर्शाते हैं, आगामि दिन से प्रत्यय कर दर्शाये गए हैं। पञ्चाङ्ग में दिन सूर्योदय से शुरू होता है और पूर्व दिन सूर्योदय के साथ ही समाप्त हो जाता है।
हिन्दु धार्मिक ग्रन्थों के अनुसार, होलिका दहन, जिसे होलिका दीपक और छोटी होली के नाम से भी जाना जाता है, को सूर्यास्त के पश्चात् प्रदोष के समय, जब पूर्णिमा तिथि व्याप्त हो, करना चाहिये। भद्रा, जो पूर्णिमा तिथि के पूर्वाद्ध में व्याप्त होती है, उसके समय होलिका पूजा एवं होलिका दहन नहीं करना चाहिये। सभी शुभ कार्य भद्रा में वर्जित हैं।
भद्रा रहित प्रदोषव्यापिनी पूर्णिमा तिथि होलिका दहन के लिये उत्तम मानी जाती है। यदि भद्रा रहित प्रदोषव्यापिनी पूर्णिमा का अभाव हो, परन्तु भद्रा मध्य रात्रि से पहले ही समाप्त हो जाये तो प्रदोष के पश्चात् जब भद्रा समाप्त हो तब होलिका दहन करना चाहिये। यदि भद्रा मध्य रात्रि तक व्याप्त हो तो ऐसी परिस्थिति में भद्रा पूँछ के दौरान होलिका दहन किया जा सकता है। परन्तु भद्रा मुख में होलिका दहन कदापि नहीं करना चाहिये। धर्मसिन्धु में भी इस मान्यता का समर्थन किया गया है। धार्मिक ग्रन्थों के अनुसार भद्रा मुख में किया गया होलिका दहन अनिष्ट का स्वागत करने के समान है, जिसका परिणाम न केवल दहन करने वाले को, अपितु नगर एवं देशवासियों को भी भुगतना पड़ सकता है। किसी-किसी वर्ष में भद्रा पूँछ प्रदोष के उपरान्त तथा मध्य रात्रि के बीच व्याप्त ही नहीं होती, तो ऐसी स्थिति में प्रदोष के समय होलिका दहन किया जा सकता है। कभी दुर्लभ स्थिति में, यदि प्रदोष और भद्रा पूँछ दोनों में ही होलिका दहन सम्भव न हो, तो प्रदोष के पश्चात् होलिका दहन करना चाहिये।
होलिका दहन का मुहूर्त किसी त्यौहार के मुहूर्त से अधिक महत्त्वपूर्ण एवं आवश्यक है। यदि किसी अन्य त्यौहार की पूजा उपयुक्त समय पर न की जाये, तो मात्र पूजा के लाभ से वञ्चित होना पड़ेगा, परन्तु होलिका दहन की पूजा यदि अनुपयुक्त समय पर हो जाये तो यह दुर्भाग्य और पीड़ा देती है।
इस पृष्ठ पर दिया गया मुहूर्त धर्म-शास्त्रों के अनुसार निर्धारित है। हम होलिका दहन के श्रेष्ठ मुहूर्त को प्रदान करते हैं। इस पृष्ठ पर दिया गया मुहूर्त सदैव भद्रा मुख का त्याग करके निर्धारित होता है, क्योंकि भद्रा मुख में होलिका दहन सर्वसम्मति से वर्जित है। होलिका दहन के साथ-साथ इस पृष्ठ पर भद्रा मुख और भद्रा पूँछ का समय भी दिया गया है, जिससे भद्रा मुख में होलिका दहन से बचा जा सके। यदि भद्रा पूँछ प्रदोष से पूर्व तथा मध्य रात्रि के पश्चात् व्याप्त हो, तो उसे होलिका दहन के लिये नहीं लिया जा सकता, क्योंकि होलिका दहन का मुहूर्त सूर्यास्त एवं मध्य रात्रि के बीच ही निर्धारित किया जाता है।
रंगवाली होली, जिसे धुलण्डी के नाम से भी जाना जाता है, होलिका दहन के पश्चात् ही मनायी जाती है और इसी दिन को होली खेलने के लिये मुख्य दिन माना जाता है।
धर्मसिन्धु एवं निर्णयसिन्धु में उल्लिखित विधान के अनुसार यदि होलिका दहन के दिन चन्द्रग्रहण का संयोग हो, तब भी होलिका दहन किया जा सकता है। धर्मग्रन्थों में ग्रहण अथवा सूतक के समय होलिका दहन के सम्बन्ध में कोई निषेध निर्दिष्ट नहीं किया गया है।
द्रिक पञ्चाङ्ग की सम्पूर्ण मण्डली आप सभी को होली की हार्दिक शुभकामनायें देती है।