

टिप्पणी: सभी समय १२-घण्टा प्रारूप में लँकेस्टर, संयुक्त राज्य अमेरिका के स्थानीय समय और डी.एस.टी समायोजित (यदि मान्य है) के साथ दर्शाये गए हैं।
आधी रात के बाद के समय जो आगामि दिन के समय को दर्शाते हैं, आगामि दिन से प्रत्यय कर दर्शाये गए हैं। पञ्चाङ्ग में दिन सूर्योदय से शुरू होता है और पूर्व दिन सूर्योदय के साथ ही समाप्त हो जाता है।
चतुर्दशी श्राद्ध तिथि केवल उन मृतकों के श्राद्ध के लिये उपयुक्त है, जिनकी मृत्यु किन्हीं विशेष परिस्थितियों में हुयी हो, जैसे किसी अस्त्र-शस्त्र द्वारा मृत्यु, दुर्घटना में मृत्यु, आत्महत्या अथवा किसी अन्य द्वारा हत्या। इनके अतिरिक्त चतुर्दशी तिथि पर किसी अन्य का श्राद्ध नहीं किया जाता है, अपितु इनके अतिरिक्त चतुर्दशी पर होने वाले अन्य श्राद्ध अमावस्या तिथि पर किये जाते हैं।
चतुर्दशी श्राद्ध को घट चतुर्दशी श्राद्ध, घायल चतुर्दशी श्राद्ध तथा चौदस श्राद्ध के नाम से भी जाना जाता है।
पितृ पक्ष श्राद्ध पार्वण श्राद्ध होते हैं। इन श्राद्धों को सम्पन्न करने के लिये कुतुप, रौहिण आदि मुहूर्त शुभ मुहूर्त माने गये हैं। अपराह्न काल समाप्त होने तक श्राद्ध सम्बन्धी अनुष्ठान सम्पन्न कर लेने चाहिये। श्राद्ध के अन्त में तर्पण किया जाता है।
निर्णयसिन्धु में प्राप्त वर्णन के अनुसार पृथ्वीचन्द्रोदय में प्रचेता ने कहा है, जिस मनुष्य की मृत्यु वृक्ष पर चढ़ने से, लोह, जल, विष, अग्नि आदि से हुयी हो उनका श्राद्ध चतुर्दशी तिथि पर करना चाहिये। नख एवं दाढ़ वाले जीवों द्वारा, सर्पदंश अथवा शस्त्र द्वारा मृत्यु को प्राप्त जीव का श्राद्ध भी इस दिन किया जाना चाहिये। इसीलिये चतुर्दशी श्राद्ध को वीर श्राद्ध या बलि श्राद्ध के नाम से भी जाना जाता है। गौतम ऋषि के अनुसार यदि किसी ने शस्त्र, अग्नि, जल, बन्धन आदि से स्वयं आत्मघात किया है अथवा किसी स्थान से गिरकर प्राण त्यागे हैं तो ऐसे लोगों का श्राद्ध भी चतुर्दशी को करना उचित होता है। ब्रह्मपुराण में इस दिन तरुण अवस्था में दिवंगत पितरों के श्राद्ध का निर्देश भी दिया गया है।
जिनकी अकाल मृत्यु हुयी हो, जो बन्दीगृह में मारे गये हों, जो ब्राह्मण द्वारा मृत्यु को प्राप्त हुये हों, उनका श्राद्ध भी चतुर्दशी में करने का विधान है। धर्मग्रन्थों के अनुसार इस दिन शस्त्र एवं विष आदि से दिवंगत स्त्रियों के निमित्त भी एकोदिष्ट श्राद्ध किया जाता है। किन्तु जिन स्त्रियों की मृत्यु प्रसव के समय हुयी हो उनका श्राद्ध इस दिन नहीं करना चाहिये।
मान्यताओं के अनुसार असमय मृत्यु को प्राप्त आत्मायें सामान्य श्राद्ध से तृप्त नहीं होती हैं, अतः इनके लिये चतुर्दशी तिथि पर विशेष रूप से श्राद्ध करना आवश्यक होता है। धर्मशास्त्रों में वर्णित है कि चतुर्दशी तिथि पर श्राद्ध करने से उन असन्तुष्ट आत्माओं को शान्ति मिलती है जो अन्यथा पीड़ित अवस्था में भटकती रहती हैं तथा अपने वंशजों को भी प्रभावित करती हैं। इन पितृगणों की तृप्ति हेतु जिस तिथि को पितृ का देहावसान हुआ हो, उसी तिथि को विधिपूर्वक श्राद्ध, तर्पण एवं पिण्डदान करना सर्वश्रेष्ठ माना गया है। यदि श्राद्ध अनुचित तिथि पर किया जाये तो वह पितृगणों को प्राप्त नहीं होता तथा उस कर्म का फल अधूरा रह जाता है।
यदि किसी को पितृ की उचित पुण्यतिथि ज्ञात न हो, तो सर्वपितृ अमावस्या के दिन सामूहिक रूप से समस्त ज्ञात-अज्ञात पितरों के लिये श्राद्ध करना चाहिये। किन्तु जिन पितरों की मृत्यु चतुर्दशी तिथि को असमय एवं असामान्य परिस्थितियों में हुयी हो, उनके लिये चतुर्दशी श्राद्ध ही पूर्ण फलदायी एवं शास्त्रसम्मत माना गया है। श्राद्ध अनुष्ठान के माध्यम से असमय दिवंगत पितरों की आत्मा की शान्ति हेतु प्रार्थना तथा अपने जीवन में बाधाओं की निवृत्ति एवं समृद्धि की कामना की जाती है।