devotionally made & hosted in India
Search
Mic
Android Play StoreIOS App Store
Ads Subscription Disabled
हि
Setting
Clock
Ads Subscription Disabledविज्ञापन हटायें
X

मोक्षदा एकादशी व्रत कथा | मोक्षदा एकादशी की पौराणिक कथायें

DeepakDeepak

मोक्षदा एकादशी कथा

मोक्षदा एकादशी व्रत कथा

राजा वैखानस एवं पर्वत ऋषि की कथा

अर्जुन ने उत्पन्ना एकादशी की उत्पत्ति, महिमा, माहात्म्य आदि सुनकर श्रीकृष्ण से कहा - "हे परम पूजनीय भगवान श्रीकृष्ण! हे त्रिलोकीनाथ! आप सभी को सुख व मोक्ष देने वाले हैं, मैं आपको प्रणाम करता हूँ। हे प्रभु! आप कृपा करने वाले हैं। मेरी एक जिज्ञासा को शान्त कीजिये।"

भगवान श्रीकृष्ण ने कहा - "हे अर्जुन! जो कुछ भी जानना चाहते हो, निर्भय होकर कहो, मैं अवश्य ही तुम्हारी जिज्ञासा को शान्त करूँगा।"

यह सुनकर अर्जुन ने कहा - "हे प्रभो! यह जो आपने मार्गशीर्ष माह के कृष्ण पक्ष की एकादशी के विषय में बताया है, उससे मुझे बड़ी ही शान्ति प्राप्त हुयी। अब कृपा करके मार्गशीर्ष माह के शुक्ल पक्ष में जो एकादशी आती है उसके विषय में भी बताने की कृपा करें। उसका नाम क्या है? उस दिन कौन-से देवता की पूजा की जाती है तथा उसकी पूजन विधि क्या है? उसका व्रत करने से मनुष्य को क्या फल मिलता है? प्रभो! मेरे इन प्रश्नों का विस्तार सहित उत्तर देकर मेरी जिज्ञासा का समाधान कीजिये, आपकी अति कृपा होगी।"

अर्जुन की जिज्ञासा सुन श्रीकृष्ण बोले - "हे अर्जुन! तुमने बहुत ही श्रेष्ठ प्रश्न किया है, इसीलिये संसार में तुम्हारा यश होगा। मार्गशीर्ष माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी अनेक पापों को नष्ट करने वाली है। संसार में इसे मोक्षदा एकादशी के नाम से जाना जाता है। इस एकादशी के दिन श्री दामोदर भगवान का धूप, दीप, नैवेद्य आदि से भक्तिपूर्वक पूजन करना चाहिये। हे कुन्ती पुत्र! इस एकादशी व्रत के पुण्य के प्रभाव से नरक में गये हुये माता, पिता, पितरादि को स्वर्ग की प्राप्ति होती है।

इसकी कथा एक पुराण में इस प्रकार है, इसे ध्यानपूर्वक सुनो - वैखानस नाम का एक राजा प्राचीन नगर में राज करता था। उसके राज्य में चारों वेदों के ज्ञाता ब्राह्मण रहते थे। राजा अपनी प्रजा का पुत्रवत् पालन किया करता था। एक रात्रि को स्वप्न में राजा ने अपने पिता को नरक की यातनायें भोगते देखा, इस प्रकार का स्वप्न देखकर राजा बड़ा ही व्याकुल हुआ। वह बेचैनी से सुबह होने की प्रतीक्षा करने लगा। सुबह होते ही उसने ब्राह्मणों को बुलाकर उनके समक्ष अपने स्वप्न का सम्पूर्ण वृतान्त बताया - 'हे ब्राह्मणों! रात्रि को स्वप्न में मैंने अपने पिता को नरक की यातनायें भोगते देखा। उन्होंने मुझसे कहा है कि, 'हे पुत्र! मैं घोर नरक भोग रहा हूँ। मेरी यहाँ से मुक्ति कराओ।" जब से मैंने उनके यह वचन सुने हैं, तब से मैं अत्यन्त व्यथित हूँ। मुझे अब राज्य, सुख, ऐश्वर्य, हाथी-घोड़े, धन, स्त्री, पुत्र आदि कुछ भी सुखदायक प्रतीत नहीं हो रहे हैं। अब मैं क्या करूँ? कहाँ जाऊँ? इस दुःख के कारण मेरा शरीर तप रहा है। आप लोग मुझे किसी प्रकार का तप, दान, व्रत आदि बतायें, जिससे मेरे पिता को मुक्ति प्राप्त हो। यदि मैंने अपने पिता को नरक की यातनाओं से मुक्त कराने के प्रयास नहीं किये तो मेरा जीवन निरर्थक है। जिसके पिता नरक की यातनायें भोग रहे हों, उस व्यक्ति को इस धरती पर सुख भोगने का कोई अधिकार नहीं है। हे ब्राह्मण देवों। मुझे शीघ्र ही इसका कोई उपाय बताने की कृपा करें।'

राजा के आन्तरिक दुःख की पीड़ा को सुनकर ब्राह्मणों ने आपस में विचार-विमर्श किया, तदुपरान्त एकमत होकर बोले - 'हे राजन! वर्तमान, भूत एवं भविष्य के ज्ञाता पर्वत नाम के एक मुनि हैं। वे यहाँ से अधिक दूर नहीं हैं। आप अपनी यह व्यथा उनसे जाकर कहें, वे अवश्य ही इसका कोई सरल उपाय आपको बता देंगे।'

ब्राह्मणों की बात मान राजा मुनि के आश्रम पर गये। आश्रम में अनेक शान्तचित्त योगी एवं मुनि तपस्या कर रहे थे। चारों वेदों के ज्ञाता पर्वत मुनि साक्षात् दूसरे ब्रह्मा जी के समान प्रतीत हो रहे थे। राजा ने उन्हें दण्डवत् प्रणाम किया तथा अपना परिचय दिया। पर्वत मुनि ने राजा से कुशलक्षेम पूछी, तब राजा ने बताया - 'हे मुनिवर! आपकी कृपा से मेरे राज्य में सब कुशल हैं, किन्तु मेरे समक्ष अकस्मात ही एक ऐसी समस्या आ खड़ी हुयी, जिससे मेरा हृदय बड़ा ही अशान्त हो रहा है।'

तत्पश्चात् राजा ने मुनि को व्यथित हृदय से रात्रि के स्वप्न की पूर्ण व्यथा बतायी तथा दुखी स्वर में बोला - 'हे महर्षि! अब आप कृपा कर मेरा मार्ग दर्शन करें कि ऐसे में मुझे क्या करना चाहिये? कैसे मैं अपने पिता को नरक की यातना से मुक्ति दिलाऊँ?'

राजा की बात पर्वत मुनि ने गम्भीरतापूर्वक सुनी, तदुपरान्त नेत्र बन्द कर भूत एवं भविष्य पर विचार करने लगे। कुछ देर गम्भीरतापूर्वक चिन्तन करने के पश्चात् उन्होंने कहा - 'राजन! मैंने अपने योगबल के द्वारा तुम्हारे पिता के सभी कुकर्मों का ज्ञान प्राप्त कर लिया है। उन्होंने पूर्व जन्म में अपनी पत्नियों में भेदभाव किया था। अपनी बड़ी रानी के कहने में आकर उन्होंने अपनी दूसरी पत्नी को ऋतुदान माँगने पर नहीं दिया था। उसी पाप कर्म के फल से तुम्हारा पिता नरक में गया है।'

यह जानकर वैखानस ने याचना-भरे स्वर में कहा - 'हे ऋषिवर! मेरे पिता के उद्धार का आप कोई उपाय बताने की कृपा करें, किस प्रकार वे इस पाप से मुक्त होंगे?'

इस पर पर्वत मुनि बोले - 'हे राजन! मार्गशीर्ष मास के शुक्ल पक्ष में जो एकादशी होती है, उसे मोक्षदा एकादशी कहते हैं। यह मोक्ष प्रदान करने वाली है। आप इस मोक्षदा एकादशी का व्रत करें तथा उस व्रत के पुण्य को सङ्कल्प करके अपने पिता को अर्पित कर दें। एकादशी के पुण्य प्रभाव से अवश्य ही आपके पिता की मुक्ति होगी।'

पर्वत मुनि के वचनों को सुनकर राजा अपने राज्य को लौट आया तथा परिवार सहित मोक्षदा एकादशी का विधिपूर्वक व्रत किया। इस व्रत के पुण्य को राजा ने अपने पिता को अर्पित कर दिया। इस पुण्य के प्रभाव से राजा के पिता को सहज ही मुक्ति प्राप्त हो गयी। स्वर्ग को प्रस्थान करते हुये राजा के पिता ने कहा - 'हे पुत्र! तेरा कल्याण हो!' इतना कहकर राजा के पिता ने स्वर्ग को प्रस्थान किया। हे पाण्डु पुत्र! जो मनुष्य मार्गशीर्ष माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी का उपवास करते हैं, उनके सभी, पाप नष्ट हो जाते हैं तथा अन्त में वे स्वर्ग लोक को प्राप्त करते हैं। इस उपवास से उत्तम एवं मोक्ष प्रदान करने वाला कोई भी अन्य व्रत नहीं है। इस कथा के श्रवण व पाठ से अनन्त फल प्राप्त होता है। यह उपवास मोक्ष प्रदान करने वाला चिन्तामणि के समान है। जिससे उपवास करने वाले की सभी मनोकामनायें पूर्ण होती हैं। हे अर्जुन! प्रत्येक मनुष्य की प्रबल इच्छा होती है कि वह मोक्ष प्राप्त करे। मोक्ष की इच्छा करने वालों के लिये मोक्षदा एकादशी का यह उपवास अति महत्त्वपूर्ण है। पिता के प्रति पुत्र के दायित्व का इस कथा से श्रेष्ठ दूसरा कोई दृष्टान्त नहीं है, अतः भगवान श्रीहरि विष्णु के निमित्त यह उपवास पूर्ण निष्ठा व श्रद्धा से करना चाहिये।"

कथा-सार

यह पिता के प्रति भक्ति एवं दूसरों के लिये पुण्य अर्पित करने की श्रेष्ठ और पवित्र कथा है। इसका उपवास केवल उपवास करने वाले मनुष्य का ही नहीं, अपितु उसके पितरों का भी कल्याण करता है, अपने किसी सगे-सहोदर, मित्र-बन्धु को भी इस उपवास का फल अर्पण करने से उसके भी पापों व क्लेशों का नाश हो जाता है।


Name
Name
Email
द्रिकपञ्चाङ्ग पर टिप्पणी दर्ज करने के लिये गूगल अकाउंट से लॉग इन करें।
टिप्पणी
और लोड करें ↓
Kalash
कॉपीराइट नोटिस
PanditJi Logo
सभी छवियाँ और डेटा - कॉपीराइट
Ⓒ www.drikpanchang.com
प्राइवेसी पॉलिसी
द्रिक पञ्चाङ्ग और पण्डितजी लोगो drikpanchang.com के पञ्जीकृत ट्रेडमार्क हैं।
Android Play StoreIOS App Store
Drikpanchang Donation