devotionally made & hosted in India
Search
Mic
Android Play StoreIOS App Store
Ads Subscription Disabled
हि
Setting
Clock
Ads Subscription Disabledविज्ञापन हटायें
X

सिद्ध गणपति - भगवान गणेश का सातवाँ स्वरूप

DeepakDeepak

भगवान सिद्ध गणपति

भगवान सिद्ध गणपति

सिद्ध गणपति भगवान गणेश के 32 रूपों में से सातवें हैं। भगवान गणेश का यह रूप बुद्धि एवं सफलता का प्रतीक माना जाता है। सिद्धि का तात्पर्य सफलता से भी होता है तथा इसका आशय हिन्दु धर्मग्रन्थों में वर्णित विभिन्न प्रकार की सिद्धियों से भी है। भगवान सिद्ध गणपति सभी प्रकार की सिद्धियों के अधिपति हैं तथा अपने भक्तों को भी सर्व सिद्धि प्रदान करते हैं। भगवान गणेश का यह रूप प्रत्येक कार्य को दक्षतापूर्वक करने की प्रेरणा देता है।

Siddha Ganapati
सिद्ध गणपति

अनेक साधक नाना प्रकार की सिद्धियाँ अर्जित करने हेतु श्री सिद्ध गणपति जी की उपासना करते हैं। भक्तिपूर्वक भगवान गणेश के इस रूप की आराधना करने से मनुष्य को प्रत्येक कार्य में सफलता प्राप्त होती है तथा सभी मनोरथ सिद्ध होते हैं।

वैदिक ज्योतिष के अनुसार 27 नक्षत्रों में से भरणी नक्षत्र को भगवान गणेश के सिद्ध गणपति रूप से सम्बन्धित माना जाता है। मान्यताओं के अनुसार भरणी नक्षत्र में जन्मे जातकों को गणेश जी के इस रूप की पूजा करनी चाहिये। भरणी नक्षत्र से सम्बन्धित समस्याओं के समाधान एवं उत्तम फलों की प्राप्ति हेतु भी भगवान सिद्ध गणपति की आराधना की जाती है।

महाराष्ट्र के मुम्बई में स्थित प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मन्दिर में भगवान गणेश के इसी रूप का श्री विग्रह विराजमान है, जिसके दर्शन हेतु विशाल सङ्ख्या में श्रद्धालु आते हैं। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिसे छोटी काशी के नाम से भी जाना जाता है, में भी एक अत्यन्त लोकप्रिय सिद्ध गणपति मन्दिर स्थित है। यह सिद्ध गणपति मन्दिर तान्त्रिक शक्तियों के लिये विशेष महत्त्वपूर्ण माना जाता है। मान्यताओं के अनुसार इस मन्दिर की स्थापना मंडी के राजा सिद्धसेन ने की थी।

सिद्ध गणपति स्वरूप वर्णन

धर्मग्रन्थों में भगवान सिद्ध गणपति को पिङ्गल वर्ण अर्थात् पीले, भूरे अथवा ताम्र वर्ण का बताया गया है। भगवान सिद्ध गणपति विश्राम की मुद्रा में विराजमान हैं। उन्हें चतुर्भुज रूप में दर्शाया जाता है। वे अपनी चार भुजाओं में परशु अस्त्र, इक्षु दण्ड, अर्थात् गन्ना एवं पुष्प-मञ्जरी धारण करते हैं तथा उनकी सूँड़ में तिल का लड्डू सुशोभित है।

सिद्ध गणपति कुटुम्ब वर्णन

श्री सिद्ध गणपति, भगवान गणेश का ही एक अन्य रूप है, इसीलिये उनका कुटुम्ब गणेश जी के ही समान है। अतः उनके पिता भगवान शिव एवं माता देवी पार्वती हैं। भगवान कार्तिकेय उनके भ्राता हैं तथा अशोक सुन्दरी उनकी बहन हैं।

सिद्ध गणपति मन्त्र

मूल मन्त्र -

ॐ सिद्ध गणपतये नमः।

ध्यान मन्त्र -

अथ सिद्धगणपतिध्यानम् -
पक्वचूतफलपुष्पमंजरीरिक्षुदंडतिलमोदकैस्सह॥
उद्वहन्परशुमस्तुतेनमश्रीसमृद्धियुतहेमपिंगल॥1॥ पिंगलवर्णः॥

पदच्छेद -

पक्वचूतफलपुष्पमंजरी रिक्षुदंडतिलमोदकैः सह।
उद्वहन् परशुमस्तु ते नमः श्रीसमृद्धियुत हेमपिंगल॥

भावार्थ - "जो पके हुये आम, पुष्प-मञ्जरी, इक्षु-दण्ड, अर्थात् गन्ना तथा तिल का मोदक आदि धारण करते हैं, जो परशु धारण किये हुये हैं, जो श्री एवं समृद्धि से युक्त हैं, जिनका वर्ण हेम-पिङ्गल, अर्थात् स्वर्ण-मिश्रित गहरा पीत वर्ण है, ऐसे सिद्धि-गणपति को मेरा बारम्बार नमस्कार है।"

सिद्ध गणपति से सम्बन्धित त्यौहार

सिद्ध गणपति के प्रमुख एवं प्रसिद्ध मन्दिर

  • सिद्धिविनायक मन्दिर, मुम्बई, महाराष्ट्र
  • सिद्ध गणपति मन्दिर, मंडी, हिमाचल प्रदेश
  • सिद्ध गणेश मन्दिर, छतरपुर, मध्य प्रदेश
  • श्री सिद्ध गणेश मन्दिर, गौरीघाट, जबलपुर, मध्य प्रदेश
  • श्रीकान्तेश्वर मन्दिर, मैसूर, कर्णाटक
  • नर्मदेश्वर महादेव मन्दिर, भोपाल, मध्य प्रदेश

Name
Name
Email
द्रिकपञ्चाङ्ग पर टिप्पणी दर्ज करने के लिये गूगल अकाउंट से लॉग इन करें।
टिप्पणी
और लोड करें ↓
❮
Kalash
कॉपीराइट नोटिस
PanditJi Logo
सभी छवियाँ और डेटा - कॉपीराइट
Ⓒ www.drikpanchang.com
प्राइवेसी पॉलिसी
द्रिक पञ्चाङ्ग और पण्डितजी लोगो drikpanchang.com के पञ्जीकृत ट्रेडमार्क हैं।
Android Play StoreIOS App Store
Drikpanchang Donation