
टिप्पणी: सभी समय १२-घण्टा प्रारूप में लँकेस्टर, संयुक्त राज्य अमेरिका के स्थानीय समय और डी.एस.टी समायोजित (यदि मान्य है) के साथ दर्शाये गए हैं।
आधी रात के बाद के समय जो आगामि दिन के समय को दर्शाते हैं, आगामि दिन से प्रत्यय कर दर्शाये गए हैं। पञ्चाङ्ग में दिन सूर्योदय से शुरू होता है और पूर्व दिन सूर्योदय के साथ ही समाप्त हो जाता है।
हिन्दु धर्मावलम्बियों के लिये अक्षय तृतीया का पर्व अत्यधिक शुभ एवं पवित्र दिन होता है। अक्षय तृतीया को आखा तीज के नाम से भी जाना जाता है। यह वैशाख माह में शुक्ल पक्ष तृतीया के दिन आता है। बुधवार के साथ रोहिणी नक्षत्र वाले दिन पड़ने वाली अक्षय तृतीया को अत्यधिक शुभ माना जाता है। अक्षय शब्द का अर्थ कभी कम न होने वाला होता है। इसीलिये इस दिन कोई भी जप, यज्ञ, पितृ-तर्पण, दान-पुण्य करने का लाभ कभी कम नहीं होता तथा व्यक्ति को सदैव प्राप्त होता रहता है।
मान्यताओं के अनुसार, अक्षय तृतीया सौभाग्य एवं सफलता प्रदान करती है। अधिकांश व्यक्ति इस दिन स्वर्ण आदि क्रय करते हैं, क्योंकि मान्यता है कि अक्षय तृतीया पर स्वर्ण क्रय करने से आने वाले भविष्य में अत्यधिक धन-समृद्धि प्राप्त होती है। अक्षय दिवस होने के कारण माना जाता है कि इस दिन क्रय किये गये स्वर्ण का कभी क्षरण नहीं होगा तथा उसमें सदैव वृद्धि ही होती रहेगी।
अक्षय तृतीया का दिन भगवान विष्णु द्वारा शासित होता है। भगवान विष्णु हिन्दु त्रिमूर्ति में से एक हैं तथा सृष्टि के संरक्षक भगवान हैं। हिन्दु पौराणिक कथाओं के अनुसार, त्रेता युग का आरम्भ अक्षय तृतीया के दिन हुआ था। सामान्यतः अक्षय तृतीया एवं भगवान विष्णु के छठवें अवतार की जयन्ती एक ही दिन पड़ती है, जिसे परशुराम जयन्ती के नाम से जाना जाता है। किन्तु तृतीया तिथि के आरम्भिक समय के आधार पर, परशुराम जयन्ती अक्षय तृतीया से एक दिन पूर्व पड़ सकती है।
वैदिक ज्योतिषी भी अक्षय तृतीया को सभी अशुभ प्रभावों से मुक्त एक शुभ दिन मानते हैं। हिन्दु मुहूर्त ज्योतिष के अनुसार तीन चन्द्र दिवस, युगादि, अक्षय तृतीया तथा विजय दशमी को किसी भी शुभ कार्य को आरम्भ करने अथवा सम्पन्न करने हेतु किसी प्रकार के मुहूर्त की आवश्यकता नहीं होती है, क्योंकि ये तीन दिन सभी अशुभ प्रभावों से मुक्त होते हैं।
अक्षय तृतीया अत्यन्त पवित्र एवं महान फल प्रदान करने वाली तिथि है। इसीलिये इस दिन सफलता की कामना से व्रतोत्सव आदि के अतिरिक्त वस्त्र, शस्त्र एवं आभूषणादि बनवाये अथवा धारण किये जाते हैं। इस दिन नवीन स्थान, संस्था एवं समाज आदि की स्थापना या उद्घाटन भी किया जाता है। अक्षय तृतीया में यदि तृतीया तिथि, सोमवार एवं रोहिणी नक्षत्र, ये तीनों संयुक्त हों, तो अत्यन्त श्रेष्ठ माना जाता है।
इस दिन भगवान विष्णु के नर-नारायण एवं परशुराम अवतार की जयन्ती एकत्र होने के कारण व्रती को प्रातः स्नानादि से निवृत्त होकर निम्नोक्त सङ्कल्प ग्रहण करना चाहिये -
ममाखिलपापक्षयपूर्वकसकलशुभफलप्राप्तये
भगवत्प्रीतिकामनया देवपूजनमहं करिष्ये।
उपरोक्त सङ्कल्प ग्रहण करने के उपरान्त भगवान विष्णु का यथाविधि षोडशोपचार पूजन करें। उन्हें पञ्चामृत से स्नान करायें, सुगन्धित पुष्पमाला पहनायें तथा नैवेद्य में भगवान नर-नारायण के निमित्त सेके हुये जौ या गेहूँ का सत्तू तथा भगवान परशुराम के निमित्त कोमल ककड़ी अर्पित करें।
यदि सम्भव हो तो इस दिन उपवास का पालन करते हुये समुद्रस्नान या गङ्गास्नान करें। तदुपरान्त जौ, गेहूँ, चने, सत्तू, दही-चावल, ईख के रस एवं दूध से निर्मित खाद्य पदार्थ जैसे खाण्ड, मावा, मिष्टान्न आदि का दान करें। सामर्थ्यानुसार सुवर्ण, जलपूर्ण कलश, धर्मघट, अन्न, सभी प्रकार के रस तथा ग्रीष्म ऋतु की उपयोगी वस्तुओं का दान भी करना चाहिये।
इसके अतिरिक्त पितरों का श्राद्ध करें एवं ब्राह्मणों को भोजन भी करायें। इस प्रकार यथाशक्ति अक्षय तृतीया का पूजन करने से अनन्त फल प्राप्त होता है।