devotionally made & hosted in India
Search
Mic
Android Play StoreIOS App Store
Ads Subscription Disabled
En
Setting
Clock
Ads Subscription DisabledRemove Ads
X

Kartika Mahatmya Panchadasham Adhyay | Kartika Mahatmya Fifteenth Chapter

DeepakDeepak

Kartika Mahatmya Fifteenth Chapter

पन्द्रहवाँ अध्याय

एकादशी पर भगवान को जगाने की विधि, कार्तिक व्रत का उद्यापन तथा अन्तिम तीन तिथियों की महिमा सहित ग्रन्थ का उपसंहार

ब्रह्माजी कहते हैं - 'जो पुरुष कार्तिक मास में प्रतिदिन पुरुषसूक्त के मन्त्रों द्वारा अथवा पाञ्चरात्र आगम में वर्णित विधि के अनुसार भगवान विष्णु का पूजन करता है, वह मोक्ष का भागी होता है। जो कार्तिक में "ॐ नमो नारायणाय।" मन्त्र से भगवान श्रीहरि की आराधना करता है, वह नरक के दुःखों से मुक्त हो, रोग-शोक से रहित वैकुण्ठ धाम को प्राप्त होता है। कार्तिक मास में जो मनुष्य विष्णुसहस्रनाम तथा गजेन्द्रमोक्ष का पाठ करता है, उसका पुनः संसार में जन्म नहीं होता। सुव्रते! जो कार्तिक मास में रात्रि के पिछले पहर में भगवान की स्तुति का गान करता है, वह पितरों सहित श्वेतद्वीप में निवास करता है। आषाढ़ शुक्ल पक्ष में एकादशी तिथि को शङ्खासुर दैत्य का संहार किया गया है। अतः उसी दिन से आरम्भ करके भगवान चार मास तक क्षीरसागर में शयन करते हैं तथा कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागते हैं। इस कारण वैष्णवों को एकादशी में निम्नोक्त मन्त्र का उच्चारण करके भगवान को जगाना चाहिये -

उत्तिष्ठोत्तिष्ठ गोविन्द उत्तिष्ठ गरुडध्वज।
उत्तिष्ठ कमलाकान्त त्रैलोक्यमङ्गलं कुरु॥

भावार्थ - 'हे गोविन्द! उठिये, उठिये, हे गरुड़ध्वज! उठिये, हे कमलाकान्त! निद्रा का त्याग कर तीनों लोकों का मङ्गल कीजिये।'

इस प्रकार प्रभु से प्रार्थना करके प्रातःकाल शङ्ख एवं नगाड़े आदि का वादन करें। वीणा, वेणु एवं मृदङ्ग आदि की मधुर ध्वनि सहित नृत्य-गायन एवं कीर्तन आदि करें। देवेश्वर श्रीविष्णु को उठाकर उनका पूजन करें तथा सायंकाल में तुलसी की वैवाहिक विधि को सम्पन्न करें। एकादशी सदा ही परम पवित्र है, विशेषतः कार्तिक की एकादशी परम पुण्यमयी मानी गयी है। उत्तम बुद्धि वाला मनुष्य वृद्ध माता-पिता का विधिपूर्वक पूजन करके अपनी पत्नी के साथ भगवान विष्णु के प्रसाद को ग्रहण करें। जो इस प्रकार विधि से द्वादशी व्रत का अनुष्ठान करता है, वह मनुष्य उत्तम सुखों का उपभोग करके अन्त में मोक्ष को प्राप्त होता है। हे मुनिश्रेष्ठ! जो मनुष्य द्वादशी तिथि के इस परम उत्तम पुण्यमय माहात्म्य का पाठ अथवा श्रवण करता है, वह उत्तम गति को प्राप्त होता है।

अब मैं कार्तिक व्रत के उद्यापन का वर्णन करता हूँ, जो समस्त पापों को नष्ट करने वाला है। व्रत का पालन करने वाले मनुष्य कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी को व्रत की पूर्ति एवं भगवान विष्णु की प्रीति हेतु उद्यापन करें। तुलसी के ऊपर एक सुन्दर मण्डप बनवायें। उसे केले के खम्भों से संयुक्त करके नाना प्रकार की धातुओं से शोभायमान करें। मण्डप के चारों ओर सुन्दर रूप से दीपकों की श्रेणी से सुसज्जित करें। उस मण्डप में सुन्दर बन्दनवारों से सुशोभित चार द्वार बनावें तथा उन्हें पुष्पों एवं चँवर से सुसज्जित करें। द्वारों पर पृथक्-पृथक् मिट्टी के द्वारपाल निर्मित कर उनकी पूजा-अर्चना करें। उन द्वारपालों के नाम इस प्रकार हैं - जय, विजय, चण्ड, प्रचण्ड, नन्द, सुनन्द, कुमुद एवं कुमुदाक्ष। उन्हें चारों द्वारों पर दो-दो के क्रम से स्थापित कर भक्तिपूर्वक पूजन करें। तुलसी की जड़ के समीप चार रंगों से सुशोभित सर्वतोभद्रमण्डल की रचना करें तथा उसके ऊपर पूर्णपात्र, अर्थात् चावल से भरे एक कलश तथा पञ्चरत्न से संयुक्त कलश की स्थापना करें। कलश के ऊपरशङ्ख, चक्र एवं गदाधारी भगवान विष्णु को विराजमान कर उनका पूजन करें। भक्तिपूर्वक उस तिथि में उपवास करें तथा रात्रि में गायन, वादन, कीर्तन आदि मङ्गलमय आयोजनों सहित जागरण करें। जो भगवान विष्णु के लिये जागरण करते समय भक्तिपूर्वक भगवत्सम्बन्धी पदों का गान करते हैं, वे सैकड़ों जन्मों की पापराशि से मुक्त हो जाते हैं।

तदुपरान्त पूर्णमासी में एक सपत्नीक ब्राह्मण को निमन्त्रित करें। प्रातःकाल स्नान एवं देवपूजन करके वेदी पर अग्नि की स्थापना करें तथा "अतो देव…" इत्यादि मन्त्रों के द्वारा देवाधिदेव भगवान की प्रीति हेतु तिल एवं खीर की आहुति दें। होम की शेष विधि पूर्ण करके भक्तिपूर्वक ब्राह्मणों का पूजन करें तथा उन्हें यथाशक्ति दक्षिणा दें। भगवान द्वादशी तिथि को शयन से उठे, त्रयोदशी को देवताओं से मिले तथा चतुर्दशी को सभी ने उनका दर्शन एवं पूजन किया, इसीलिये उस तिथि में भगवान की पूजा करनी चाहिये। गुरु की आज्ञा से भगवान विष्णु की सुवर्णमयी प्रतिमा का पूजन करें। इस पूर्णिमा के अवसर पर पुष्कर तीर्थ की यात्रा श्रेष्ठ मानी गयी है। हे नारद! कार्तिक मास में इस विधि का पालन करना चाहिये। जो इस प्रकार कार्तिक के व्रत का पालन करते हैं, उन्हें उत्तम फल की प्राप्ति होती है तथा वे धन्य एवं पूजनीय हैं। जो भगवान विष्णु की भक्ति में तत्पर होकर कार्तिक में व्रत का पालन करते हैं, उनके शरीर में स्थित सभी पाप तत्काल नष्ट हो जाते हैं। जो श्रद्धापूर्वक कार्तिक के उद्यापन का माहात्म्य श्रवण करता एवं अन्यों को कराता है, उसे भगवान विष्णु का सायुज्य प्राप्त होता है।

भगवान विष्णु की पूजा में रात्रिकालव्यापिनी चतुर्दशी ग्रहण करनी चाहिये तथा अरुणोदय के समय भगवान शिव की पूजा करनी चाहिये। सायंकाल काशी के पञ्चगङ्गा तीर्थ में स्नान करके भगवान बिन्दुमाधव की पूजा करें। सर्वप्रथम विष्णुकांची में स्नान करके भगवान अनन्तसेन की पूजा करें। तदुपरान्त रुद्रकांची में स्नान करके एवं ओंकारेश्वर के अग्नि तीर्थ में स्नान कर भगवान नारायण की, रेतोदक में स्नान करके केदारेश्वर की, प्रयाग की यमुना में स्नान कर भगवान वेणीमाधव की तथा तदनन्तर गङ्गा में स्नान करके संगमेश्वर की पूजा करें। जो इस प्रकार पूजन करता है, समस्त प्रकार की सम्पत्तियाँ उसके अधीन हो जाती हैं।

कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष में जो अन्तिम तीन पुण्यमयी तिथियाँ हैं, वे त्रयोदशी, चतुर्दशी एवं पूर्णिमा कल्याण करने वाली मानी गयी हैं। उनकी अति पुष्करिणी संज्ञा है। वे समस्त पापों का नाश करने वाली हैं। जो पूरे कार्तिकमास में स्नान करता है, वह इन्हीं तीन तिथियों में स्नान करके पूर्ण फल का भागी होता है। त्रयोदशी में समस्त वेद जाकर प्राणियों को पवित्र करते हैं, चतुर्दशी में यज्ञ एवं देवता समस्त जीवों को पावन करते हैं तथा पूर्णिमा में भगवान विष्णु से अधिष्ठित सम्पूर्ण श्रेष्ठ तीर्थ ब्रह्मघाती एवं मद्यप, अर्थात् शराबी आदि सभी पापी प्राणियों को शुद्ध करते हैं। जो गृहस्थ उक्त तीन तिथियों में ब्राह्मण कुटुम्ब को भोजन कराता है, वह अपने समस्त पितरों का उद्धार करके परम पद को प्राप्त होता है। जो कार्तिक के अन्तिम तीन दिनों में गीता का पाठ करता है, उसे प्रतिदिन अश्वमेध यज्ञ का फल प्राप्त होता है। जो उक्त तीनों दिन विष्णुसहस्रनाम का पाठ करता है, वह जल से कमल के पत्तों की भाँति पापों से कभी लिप्त नहीं होता। ऐसा करने वाले कुछ मनुष्य देवता तथा कुछ सिद्ध हो जाते हैं।

कार्तिक मास की अन्तिम तीन तिथियों में समस्त पुण्यों का उदय होता है। उनमें भी पूर्णिमा का महत्त्व विशेष है। पूर्णिमा को प्रातःकाल उठकर शौच स्नानादि से निवृत्त हो समस्त नित्यकर्मों की समाप्ति करके भगवान विष्णु का पूजन करें। वाटिका में अथवा घर पर भगवद्भक्त पुरुष कार्तिक पूर्णिमा के दिन मण्डप का निर्माण करें। उसे केले के खम्भों से सुशोभित करें। उसमें आम के पल्लवों की बन्दनवार लगायें तथा ऊख के दण्ड खड़े करके उस मण्डप को सुसज्जित करें। तदुपरान्त विचित्र वस्त्रों से मण्डप को अलङ्कृत करके उसमें भगवान विष्णु की पूजा करें। पवित्र, चतुर, शान्त, ईर्ष्यारहित, साधु, दयालु, उत्तम वक्ता तथा श्रेष्ठ बुद्धिवाला पुराणज्ञ विद्वान वहाँ बैठकर पवित्र कथा का वाचन करें। पौराणिक विद्वान जब व्यासासन पर विराजमान हो जाये, तब से लेकर उस प्रसङ्ग की समाप्ति होने तक किसी को नमस्कार न करें। जहाँ दुष्ट मनुष्य भरे हुये हों, जो शूद्र एवं हिंसक प्राणियों से घिरा हुआ हो अथवा जहाँ जुये का अड्डा हो ऐसे स्थान में बुद्धिमान पुरुष पुण्यकथा का वाचन न करे। जो शुद्ध एवं भक्ति से संयुक्त, अन्य कार्यों की अभिलाषा न रखने वाले, मौन, पवित्र तथा चतुर हों, वे ही श्रोता पुण्य के भागी होते हैं। जो मनुष्य बिना भक्ति के तथा अधम भाव लेकर पवित्र कथा श्रवण करते हैं, उनको पुण्यफल प्राप्त नहीं होता।

मास के अन्त में गन्धमाल्य, वस्त्राभूषण तथा धन के द्वारा भक्तिपूर्वक पौराणिक विद्वान‌ का पूजन करें। जो मनुष्य कल्याणमयी पुराण कथा को सुनाते हैं, वे सौ कोटि कल्पों से अधिक काल तक ब्रह्मलोक में निवास करते हैं। जो पौराणिक विद्वान को बैठने हेतु कम्बल, मृगचर्म, वस्त्र, चौकी अथवा पलंग दान करते हैं तथा जो पहनने के लिये वस्त्र दान करते हैं, वे ब्रह्मलोक में निवास करते हैं। यह कार्तिक माहात्म्य समस्त रोगों एवं सम्पूर्ण पापों का नाश करने वाला है। जो मनुष्य इस माहात्म्य का भक्तिपूर्वक पाठ करता है तथा जो सुनकर धारण करता है, वह समस्त पापों से मुक्त हो भगवान विष्णु के लोक में प्रतिष्ठित होता है। जिसकी बुद्धि खोटी हो तथा जो श्रद्धाहीन हो, ऐसे किसी भी मनुष्य को यह माहात्म्य नहीं सुनाना चाहिये।'

सूतजी कहते हैं - "ब्रह्माजी के मुख से इस प्रकार कार्तिक माहात्म्य की कथा सुनकर नारदजी प्रेम में मग्न हो गये। उन्होंने ब्रह्माजी को बारम्बार प्रणाम किया तथा स्वेच्छानुसार वहाँ से प्रस्थान कर गये।"

॥ इस प्रकार श्रीस्कन्दपुराण में वर्णित सूतजी एवं ऋषिगणों के सम्वाद के अन्तर्गत
कार्तिक मास माहात्म्य का पञ्चदश अध्याय पूर्ण हुआ ॥


Name
Name
Email
Sign-in with your Google account to post a comment on Drik Panchang.
Comments
Show more ↓
❮
Kalash
Copyright Notice
PanditJi Logo
All Images and data - Copyrights
Ⓒ www.drikpanchang.com
Privacy Policy
Drik Panchang and the Panditji Logo are registered trademarks of drikpanchang.com
Android Play StoreIOS App Store
Drikpanchang Donation